
डिंडोरी/शहपुरा – जिले में इस समय हो रही बेमौसम बारिश और तेज हवाओं के कारण किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। लगातार हो रही वर्षा से धान की फसलें खेतों में गिर गई हैं, जिससे इल्ली और हल्दीगाठी रोग का प्रकोप भी बढ़ रहा है।बढ़ती शिकायतों को देखते हुए जिला कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने संबंधित विभागों को किसानों के खेतों में जाकर सर्वे करने के निर्देश जारी किए थे, लेकिन कलेक्टर के आदेश के बावजूद अब तक कोई भी विभागीय अमला गांवों तक नहीं पहुंचा है।किसानों का कहना है कि बारिश और आंधी-तूफान ने उनकी मेहनत पर पानी फेर दिया है। फसलें सड़ने लगी हैं, लेकिन न तो कोई अधिकारी हाल-चाल जानने आया और न ही नुकसान का सर्वे किया गया। किसानों ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि विभागीय अधिकारी किसानों की समस्याओं से बेपरवाह बने हुए हैं।ग्रामीणों का कहना है कि फसलों की हालत दिन-ब-दिन बिगड़ती जा रही है, और यदि समय पर सर्वे नहीं किया गया तो नुकसान का आकलन करना मुश्किल हो जाएगा। किसानों ने शासन-प्रशासन से तत्काल सर्वे कर राहत राशि प्रदान करने की मांग की है।

