
डिंडौरी – मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) परीक्षा 2022 के परिणाम में जिला डिंडौरी के ग्राम चिचरिंगपुर निवासी राजेंद्र मालवे ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सहायक प्राध्यापक (Assistant Professor) पद पर चयन प्राप्त किया है। मालवे ने पूरे प्रदेश में 105वीं रैंक हासिल कर गांव और जिले का नाम रोशन किया है।राजेंद्र मालवे एक साधारण मजदूर किसान परिवार से आते हैं। उनके पिता देवसिंह मालवे और माता चंद्रवती बाई श्रमिक किसान हैं। आर्थिक चुनौतियों और पारिवारिक परिस्थितियों के बावजूद राजेंद्र ने लगभग 12 वर्षों तक निरंतर अध्ययन और धैर्य बनाए रखा। यह उनका MPPSC में पहला प्रयास था, जिसमें उन्हें सफलता मिली।राजेंद्र मालवे गांव चिचरिंगपुर के पहले व्यक्ति हैं, जिन्होंने MPPSC में चयनित होकर उच्च पद हासिल किया है। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और साथ देने वाले मित्रों को दिया है। मालवे ने कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी लक्ष्य को स्पष्ट रखकर लगातार प्रयास करना ही सफलता का आधार है।गांव और क्षेत्र में मालवे की सफलता से हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों और परिचितों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए इस उपलब्धि को युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी बताया है।
