

नरसिंहपुर – सांसद खेल महोत्सव 2025 की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्टर कार्यालय नरसिंहपुर में नरसिंहपुर विधानसभा स्तर की बैठक संपन्न हुई। बैठक में लोकसभा सांसद सहित जिला प्रशासन, शिक्षा विभाग और खेल विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया।बैठक में सांसद ने कहा कि “सांसद खेल महोत्सव का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण और शहरी अंचल की छुपी हुई खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना है। खेल केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि युवा शक्ति को दिशा देने का माध्यम भी हैं। फिट युवा ही विकसित भारत के निर्माण की नींव रख सकते हैं।”उन्होंने अधिकारियों से महोत्सव की तैयारियों को समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से संपन्न करने के निर्देश दिए। साथ ही खिलाड़ियों की सुविधा, खेल मैदानों की व्यवस्था, आवश्यक सामग्री और प्रतिभागियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।बैठक में उपस्थित कलेक्टर श्रीमती शीतल पटले ने कहा कि जिले में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। महोत्सव के माध्यम से उन्हें सही अवसर मिलेगा और निश्चित ही जिले का नाम प्रदेश और देश स्तर पर रोशन होगा।शिक्षा एवं खेल विभाग के अधिकारियों ने भी महोत्सव को सफल बनाने के लिए विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए। उन्होंने आश्वस्त किया कि खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।बैठक में जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और विभागीय अधिकारियों ने महोत्सव को जनभागीदारी से जोड़ने पर बल दिया ताकि अधिक से अधिक युवा इसमें शामिल होकर अपनी प्रतिभा दिखा सकें।
