अमरपुर के ढोल वीजा जंगल में पेड़ों की ताबड़तोड़ कटाई — वन विभाग बना मूकदर्शक!

डिंडोरी/अमरपुर – जिला डिंडोरी के अमरपुर विकासखंड अंतर्गत आने वाले वन ग्राम ढोल वीजा (पोस्ट जुनवानी) के जंगलों में इस समय पेड़ों की खुलेआम ताबड़तोड़ कटाई जारी है। पेड़ों के कटने की आवाज़ें दिन-रात गूंज रही हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि वन विभाग के अधिकारी इस पूरे मामले पर चुप्पी साधे बैठे हैं।स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि कई दिनों से लगातार ट्रैक्टरों और बैलगाड़ियों में लकड़ी की अवैध ढुलाई की जा रही है। जंगल में कीमती पेड़ बड़ी संख्या में काटे जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायतों के बावजूद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचना तो दूर, फोन तक नहीं उठाते।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विभाग की मिलीभगत से यह अवैध कटाई धड़ल्ले से चल रही है। कई बार सूचना देने के बाद भी कोई ठोस कार्यवाही नहीं की गई, जिससे वन माफियाओं के हौसले बुलंद हैं।

एक स्थानीय युवक ने बताया — “यहां हर रात पेड़ों की कटाई होती है, लेकिन अधिकारी जैसे आंख बंद करके बैठे हैं। ऐसा लगता है कि किसी को जंगल की चिंता ही नहीं है।”पर्यावरण विशेषज्ञों का कहना है कि यदि इस तरह की कटाई जारी रही, तो स्थानीय पर्यावरण और पारिस्थितिकी तंत्र पर भारी संकट खड़ा हो सकता है। लगातार हो रही पेड़ों की कमी से वर्षा चक्र, मिट्टी की गुणवत्ता और वन्यजीवों का आवास प्रभावित होगा।अब सवाल यह उठता है कि आखिर वन विभाग इतने गंभीर पर्यावरणीय अपराध पर मौन क्यों है? क्या यह विभागीय लापरवाही है या फिर अवैध कारोबारियों के साथ किसी प्रकार की सांठगांठ? डिंडोरी जिले का यह मामला अब सीधे तौर पर सरकार और विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा कर रहा है। यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं हुई तो यह पूरा वन क्षेत्र उजड़ जाएगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए केवल बंजर भूमि बचेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!