अमेरा के पास भीषण सड़क हादसा — बस ने बाइक सवार दो युवकों को मारी जोरदार टक्कर, एक की मौत, दूसरा गंभीर

शहपुरा – बुधवार शाम शहपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अमेरा के पास हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब डिंडोरी से जबलपुर जा रही मुजाहिद बस वाहन क्रमांक एमपी 20 पीए 1270 ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों की सूचना पर डिंडोरी कलेक्टर एवं एसडीएम शहपुरा तत्काल मौके पर पहुंचे और तत्परता दिखाते हुए अपने निजी वाहन से घायलों को शहपुरा अस्पताल पहुंचाया गया।अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल है। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर करने की तैयारी की जा रही है। घटना बुधवार शाम लगभग 4:30 बजे की बताई जा रही है। मृतक और घायल दोनों की पहचान शहपुरा थाना क्षेत्र के देवरी मॉल के निवासी के रूप में हुई है। इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा गया। वहीं शहपुरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बस को थाने में खड़ा कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि बस की अत्यधिक रफ्तार और लापरवाही इस दर्दनाक हादसे की मुख्य वजह रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!