जिला प्रशासन से की जांच प्रतिवेदन एवं पंचनामा की सत्य प्रति उपलब्ध कराने की अपील

डिंडौरी/शहपुरा – जनपद पंचायत शहपुरा की ग्राम पंचायत कछारी माल में शासकीय धनराशि के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर आज ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में अपनी आवाज बुलंद की। ग्रामीणों ने कलेक्टर महोदया से जांच प्रतिवेदन एवं पंचनामा की सत्य प्रतिलिपि उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि भ्रष्टाचार की वास्तविक स्थिति जनता के सामने आ सके। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में निर्माण कार्यों, पुताई और अन्य शासकीय योजनाओं में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की गई है। इस संबंध में दिनांक 26 अगस्त 2025 को कलेक्टर डिंडौरी, सीईओ जिला पंचायत एवं एसडीएम शहपुरा को शिकायत दी गई थी। इसके बाद जिला स्तर एवं जनपद स्तर पर दो अलग-अलग जांच टीमें गठित की गई थीं — जिला स्तर की जांच टीम का नेतृत्व उपयंत्री एक्का जी जबकि जनपद स्तर की जांच टीम का नेतृत्व एपीओ शहपुरा छोटेलाल चक्रवर्ती ने किया था। ग्रामीणों का आरोप है कि जांच के बाद भी अब तक न तो किसी दोषी पर कार्रवाई हुई है, न ही जांच रिपोर्ट और पंचनामा की प्रति आवेदकों को दी गई है। ग्रामीणों ने कहा कि “जांच केवल कागजों में सीमित है, भ्रष्टाचारियों को बचाने की कोशिश की जा रही है।”

जनसुनवाई में जताया रोष — प्रशासन को दी चेतावनी
ग्रामीणों ने जनसुनवाई में चेतावनी दी कि यदि शीघ्र जांच रिपोर्ट की प्रति नहीं दी गई और दोषियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो वे उमरिया रोड (राज्य मार्ग 11) पर धरना एवं चक्का जाम करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी। पेसा ग्राम सभा अध्यक्ष भारत सिंह तेकाम एवं श्याम सिंह टेकाम ने कहा कि “हम केवल पारदर्शिता और न्याय की मांग कर रहे हैं। जब जांच हो चुकी है, तो रिपोर्ट जनता से क्यों छिपाई जा रही है?” ग्रामीणों के इस विरोध और जनसुनवाई में दिए गए आवेदन के बाद अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और क्या भ्रष्टाचार के आरोपियों पर कोई ठोस कार्रवाई होती है या नहीं।
