

डिंडोरी – 05 अक्टूबर 2025जिले में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री को लेकर प्रशासनिक सतर्कता बढ़ा दी गई है। कलेक्टर के आदेशानुसार गठित जांच दल ने रविवार को डिंडोरी नगर के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स में औचक निरीक्षण किया। एसडीएम के निर्देशन में चली इस कार्रवाई में तहसीलदार डिंडोरी, औषधि निरीक्षक और खाद्य निरीक्षक शामिल रहे।टीम ने विशेष रूप से Nastro-DS और Coldrif Syrup जैसे कफ सिरप्स की जांच की, जिन्हें शासन ने हाल ही में हानिकारक तत्व पाए जाने के चलते प्रतिबंधित किया है। जांच के दौरान अधिकारियों ने मेडिकल स्टोर्स में उपलब्ध दवाओं के बैच नंबर, बिल और स्टॉक रजिस्टर का गहन परीक्षण किया।निरीक्षण दल ने धन्वंतरि मेडिकल स्टोर (पुरानी डिंडोरी), मदीना मेडिकल स्टोर (पुरानी डिंडोरी) तथा भददु भैया मेडिकल स्टोर (बस स्टैंड डिंडोरी) का निरीक्षण किया। अधिकारियों के अनुसार, जांच के दौरान कहीं भी शासन द्वारा प्रतिबंधित बैच नंबर वाले कफ सिरप नहीं पाए गए।औषधि निरीक्षक ने बताया कि जिले में समय-समय पर औषधि दुकानों की जांच की जा रही है ताकि जनता को सुरक्षित दवाएँ ही उपलब्ध कराई जा सकें। साथ ही मेडिकल संचालकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे केवल अनुमोदित कंपनियों की दवाओं की ही बिक्री करें तथा शासन द्वारा प्रतिबंधित उत्पादों का भंडारण या विक्रय पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि भविष्य में किसी भी मेडिकल स्टोर पर प्रतिबंधित या हानिकारक दवाओं की बिक्री पाए जाने पर औषधि नियंत्रण अधिनियम के तहत लाइसेंस निलंबन और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।यह कार्रवाई जिले में स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर प्रशासन की गंभीरता को दर्शाती है।
