ग्राम करौंदी में मां दुर्गा प्रतिमाओं का भव्य विसर्जन चल समारोह संपन्न

शहपुरा (डिण्डौरी)- जनपद पंचायत शहपुरा अंतर्गत ग्राम करौंदी में शारदीय नवरात्रि उत्सव का समापन परंपरानुसार एकादशी के दिन मां दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन चल समारोह के साथ हुआ। पूरे आयोजन में भक्ति, उत्साह और उमंग का अद्भुत संगम देखने को मिला। चल समारोह का शुभारंभ सबसे पहले शिवशक्ति चौक चौगान की प्रतिमा से हुआ। इसके बाद क्रमशः स्कूल मोहल्ला समिति, आदिवासी समिति संजयनगर, फुटबॉल ग्राउंड समिति और बूढ़ी माई संजयनगर समिति की प्रतिमाएं भक्तों की जयकारों, ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजियों के बीच आगे बढ़ीं। प्रतिमाएं अपने-अपने स्थानों से चलकर बस स्टैंड स्थित श्री रूद्रेश्वर हनुमान मंदिर पहुंचीं, जहां एकत्र होकर भव्य जुलूस दशहरा मैदान के लिए रवाना हुआ। दशहरा मैदान में राम-रावण युद्ध का सजीव मंचन किया गया। भगवान श्रीराम द्वारा रावण वध और उसके उपरांत प्रतीकात्मक रावण दहन का कार्यक्रम मुख्य आकर्षण रहा। इसे देखने के लिए भारी संख्या में ग्रामीणजन एकत्र हुए और पूरा मैदान जय श्रीराम के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। इसके उपरांत मां दुर्गा की प्रतिमाओं का पूरे ग्राम में भव्य भ्रमण कराया गया। श्रद्धालुओं ने जगह-जगह आरती उतारी, पुष्प अर्पित किए और भक्ति गीतों एवं नृत्य के साथ स्वागत किया। ग्राम करौंदी भक्ति और उत्साह के रंगों में सराबोर हो उठा।

अंत में शनिवार की सुबह सभी प्रतिमाओं को मालपुर स्थित मां नर्मदा कनई संगम पर विधि-विधान से पूजन अर्चन कर जल में विसर्जित किया गया। इस अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण भी किया गया। माता रानी से ग्रामवासियों की सुख-समृद्धि और मंगल की कामना करते हुए भक्तजन भावविभोर नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!