
डिंडोरी (शहपुरा) – डिंडोरी जिले के शहपुरा जनपद की ग्राम पंचायत बिजोरी के पोषक ग्राम चरगांव बंजर टोला में इन दिनों पेयजल संकट ने विकराल रूप ले लिया है। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत सचिव और सरपंच की लापरवाही के कारण गांव में महीनों से नल-जल योजना के अंतर्गत पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप है, जिससे ग्रामीणों को झिरिया और पुराने हैंडपंप से गंदा पानी लाकर पीना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजना का लाभ आज तक उन्हें नहीं मिल पाया। कई बार पंचायत स्तर पर शिकायत करने के बावजूद किसी ने समस्या का संज्ञान नहीं लिया। गांव के निवासी लालाराम मरावी ने बताया कि “हम लोग पिछले एक साल से गंदा पानी पीने को मजबूर हैं। कई बार पंचायत सचिव और सरपंच से कहा गया, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिला — कार्रवाई कभी नहीं हुई। बच्चों और बुजुर्गों में बीमारियां फैल रही हैं।

” पेयजल समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से एसडीएम ऐश्वर्य वर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा और जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जल्द ही गांव में शुद्ध पेयजल की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए जब ग्रामीणों को इस तरह संघर्ष करना पड़े, तो यह न केवल पंचायत की लापरवाही को उजागर करता है, बल्कि प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़ा करता है। अब देखना यह होगा कि जिला प्रशासन इस गंभीर समस्या पर कब तक कार्रवाई करता है और चरगांव बंजर टोला के ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल कब तक नसीब होता है।
